होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का फीता काटकर शुभारंभ, मरीजों को मिलेगा निःशुल्क उपचार व दवा

सोरों। नगर पालिका परिषद सोरों के सहयोग से आयुष होम्योपैथिक विभाग कासगंज द्वारा बुधवार को साध्वी रत्नावली बारातघर, रेलवे रोड सोरों में निःशुल्क बृहद होम्योपैथिक चिकित्सा आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने फीता काटकर किया।
सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा शिविर
शिविर में आमजन को होम्योपैथिक पद्धति एवं योग के माध्यम से स्वास्थ्य परामर्श, उपचार तथा निःशुल्क औषधियों का वितरण किया जा रहा है। कैंप का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने की संभावना है।
अधिक से अधिक लोग उठाएं लाभ : पालिकाध्यक्ष
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने कहा कि आयुष विभाग द्वारा आयोजित यह शिविर जनहित में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने नगर एवं क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर होम्योपैथिक चिकित्सा, योग परामर्श तथा निःशुल्क दवाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में आयुष पद्धति की महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसे शिविर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होते हैं।
शिविर में आयुष विभाग के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं औषधियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
Author: Soron Live 24

