पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका; पांच झुलसे
चार की हालत गंभीर, अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर; एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

कासगंज। जनपद कासगंज की सोरों कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला पटिया, ग्राम पंचायत उढ़ेर पुख्ता स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में शनिवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही फैक्ट्री में रखे पटाखों में धमाके होने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। आग और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए मानपुर नगरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, नगला पटिया निवासी रमेश चंद्र मौर्य पुत्र रघुवर दयाल मौर्य पटाखा निर्माण का लाइसेंस धारक है। उनकी पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लगने से वहां काम कर रहे पांच लोग झुलस गए।
घायलों में संजीव उर्फ संजय (14) पुत्र धर्मपाल, रेहान (15) पुत्र इकबाल, मोनू (19) पुत्र भीकम सिंह, हीरालाल (20) पुत्र करण सिंह तथा अजय (21) पुत्र जयपाल, सभी निवासी नगला पटिया शामिल हैं। सभी को पहले मानपुर नगरिया स्थित रतन दुलारे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि वे लगभग 40 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।
Author: Soron Live 24

