भीषण गर्मी को लेकर महिला आयोग ने उठाई आवाज
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की मांग

कासगंज/लखनऊ। प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तापमान को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं के हित में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किए जाने की मांग उठाई है।
इस संबंध में रेनू गौड़ ने अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश शासन को पत्र भेजकर कहा है कि प्रदेश में पड़ रही अत्यधिक गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव छात्राओं के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। अधिकांश विद्यालयों में गर्मी को देखते हुए अवकाश घोषित किए जा चुके हैं, लेकिन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में छात्राएं अभी भी विद्यालय परिसर में रह रही हैं।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि इन विद्यालयों में अध्ययनरत अधिकांश छात्राएं ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से सामान्य परिवारों से आती हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और समुचित देखभाल को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
महिला आयोग सदस्य ने शासन से मांग की है कि प्रदेश के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में तत्काल ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, जिससे छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
रेनू गौड़ ने उम्मीद जताई कि शासन छात्राओं के हित और स्वास्थ्य की गंभीरता को देखते हुए इस विषय पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा।
Author: Soron Live 24

