गंगा दशहरा से पहले हरि की पैड़ी में घटा जलस्तर, श्रद्धालुओं की आस्था पर मंडराया संकट

गोराह माइनर से जलापूर्ति बंद, वैकल्पिक व्यवस्था भी हुई ठप
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से सतत जलापूर्ति बहाल करने की उठाई मांग
सोरों, कासगंज। गंगा दशहरा पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं के तीर्थ नगरी सोरों स्थित हरि की पैड़ी में गंगा स्नान के लिए पहुंचने की संभावना है, लेकिन पर्व से पहले ही हरि की पैड़ी कुंड में घटता जलस्तर चिंता का कारण बन गया है। गोराह माइनर से जलापूर्ति बंद होने के चलते कुंड में पानी का स्तर लगातार कम हो रहा है, जबकि वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था भी बाधित बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पर्याप्त जलापूर्ति नहीं कराई गई तो गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हो सकती है। भीषण गर्मी और नौतपा के बीच हरि की पैड़ी में पर्याप्त जल उपलब्ध कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
स्थानीय निवासी केशव महेरे ने कहा कि गंगा दशहरा पर दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु हरि की पैड़ी में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं, लेकिन वर्तमान में जल की कमी गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान कराने की मांग की।
वहीं अभिषेक वशिष्ठ ने बताया कि गोरा माइनर से जलापूर्ति बंद होने के बाद हरि की पैड़ी का जलस्तर लगातार घट रहा है। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था भी प्रभावी साबित नहीं हो रही, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है।
अंशुल बढ़गैया ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा जिला प्रशासन को पत्र देकर सतत जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की गई थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने गंगा दशहरा से पूर्व तत्काल जलापूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
Author: Soron Live 24

