मंगदपुर में भीषण आग से लाखों का नुकसान, ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड पर लगाए लापरवाही के आरोप

मंगदपुर में भीषण आग से लाखों का नुकसान, ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड पर लगाए लापरवाही के आरोप

झोपड़ियां, अनाज, नकदी और भूसा जलकर राख, कई ग्रामीण झुलसे

दमकल की गाड़ियां देर से पहुंचने और पानी कम होने पर ग्रामीणों में आक्रोश

सहावर/कासगंज।  सचिन उपाध्याय/देवेंद्र राजपूत विकासखंड सहावर क्षेत्र के ग्राम मंगदपुर में रविवार शाम करीब तीन बजे भीषण आग लगने से कई किसानों की झोपड़ियां, अनाज, नकदी और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते कई झोपड़ियां, भूसे के ढेर और पेड़ उसकी चपेट में आ गए। ग्रामीणों के अनुसार हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

आग लगने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग लगातार फैलती रही। सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस, थाना सुनगढ़ी पुलिस और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।

ग्रामीणों के मुताबिक यूपी-112 की पीआरबी गाड़ी संख्या 8822 करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी पवन कुमार भी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से स्थिति संभालने का प्रयास किया।

दमकल पर देरी और पानी खत्म होने के आरोप

ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दमकल की गाड़ियां करीब एक घंटे की देरी से पहुंचीं। इतना ही नहीं, दोनों गाड़ियों में मात्र पांच से छह मिनट का ही पानी था। पानी खत्म होने के बाद दमकल कर्मी आसपास बोरिंग तलाशते रहे। बाद में ग्रामीणों ने सड़क किनारे पानी की व्यवस्था करवाई, तब जाकर दोबारा आग बुझाने का काम शुरू हो सका।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पर्याप्त पानी के साथ दमकल पहुंचती तो नुकसान काफी कम हो सकता था। वहीं मीडिया कर्मियों द्वारा जानकारी लेने पर फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।

जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में जुटे ग्रामीण

आग बुझाने के दौरान रविंद्र, राधेश्याम, पुष्पेंद्र और घनश्याम समेत कई ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान कई लोगों के हाथ-पैर झुलस गए।

गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि एक भैंस के झुलसने की सूचना सामने आई है।

किसानों का भारी नुकसान

ग्रामीण मनोहर के अनुसार आग में उनकी 15 बोरी गेहूं, 5 बोरी सरसों, करीब 90 हजार से एक लाख रुपये की नकदी, कपड़े, सोलर प्लेट, 200 एम्पीयर बैटरी, साइकिल, बिटौरा, भूसे की बुर्जी और घर का पूरा सामान जल गया। इसके अलावा करीब 15 बीघा फसल का भूसा भी राख हो गया।

वहीं राजू की बैलगाड़ी, टायर, भूसा, झोपड़ी और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गया। अजय की झोपड़ी तथा पटेल के 100 से अधिक पूले सहित अन्य सामान भी जलकर खाक हो गया। आग में करीब 10 से अधिक पेड़ जलने की भी बात सामने आई है।

मुआवजे और जांच की मांग

घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा दिलाने और फायर ब्रिगेड की कथित लापरवाही की जांच कराने की मांग की है।

#कासगंज #सहावर #आगजनी #मंगदपुर #फायरब्रिगेड #यूपी112 #ग्रामीण #हादसा #उत्तरप्रदेश

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *