गंगा दशहरा से पहले तीर्थ नगरी में व्यवस्थाओं की खुली पोल
भीषण गर्मी में खराब पड़े ठंडे पानी के वाटर कूलर, श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी






सोरों, कासगंज। गंगा दशहरा पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं के तीर्थ नगरी सोरों पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए हर की पैड़ी समेत विभिन्न घाटों पर पहुंचेंगे, वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी और नौतपा की शुरुआत के बीच नगर पालिका की व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आ रही है।
तीर्थ नगरी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए ठंडे पानी के वाटर कूलरों का जायजा लेने पर फुदक वाले घाट, वराह मंदिर घाट, खाक चौक, परशुराम चौक, रोडवेज बस स्टैंड और हरी की पैड़ी मार्ग पर कई वाटर कूलर एवं नल खराब अवस्था में मिले। कुछ स्थानों पर पालिका कर्मचारी मरम्मत कार्य करते दिखाई दिए, लेकिन अधिकांश स्थानों पर ठंडे पानी की समुचित व्यवस्था नहीं दिखी।
पालिका द्वारा पश्चिमी तट पर वैकल्पिक पानी की व्यवस्था तो की गई, लेकिन कई ठंडे पानी के चिलर बंद पड़े मिले। इससे चिलचिलाती धूप में श्रद्धालुओं को ठंडे पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
तीर्थ पुरोहित अंशुल बढ़गैया ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि तीर्थ नगरी में लगे अधिकांश वाटर कूलर खराब पड़े हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में श्रद्धालु परेशान हो रहे हैं, लेकिन पालिका प्रशासन इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहा।
Author: Soron Live 24

