गंगा दशहरा को लेकर एसपी ने सोरों में किया पैदल गश्त
हरिकीपेंडी, कछला बॉर्डर और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर दिए निर्देश

कासगंज। गंगा दशहरा पर्व के मद्देनजर रविवार देर शाम पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने तीर्थ नगरी सोरों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान हरिकीपेंडी क्षेत्र सहित प्रमुख मार्गों और सोरों-कछला बॉर्डर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने तथा श्रद्धालुओं के साथ शालीनता और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, प्रभारी निरीक्षक सोरों लोकेश भाटी, प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

