एक महीने में ही टपकने लगी करोड़ों की पानी टंकी, ग्रामीणों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
1.43 करोड़ की लागत से बनी जल जीवन मिशन की टंकी में जगह-जगह लीकेज, जांच की मांग तेज

सहावर/कासगंज।( सचिन उपाध्याय/देवेंद्र राजपूत) जनपद कासगंज के विकासखंड सहावर स्थित ग्राम न्यौली में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी की टंकी निर्माण के महज एक महीने बाद ही लीकेज होने लगी है। टंकी से कई स्थानों पर पानी रिसने के चलते ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार और भारी लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार करीब एक माह पूर्व ही पानी की टंकी का निर्माण कार्य पूरा हुआ था। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 1 करोड़ 43 लाख 76 हजार रुपये बताई जा रही है। कई महीनों तक चले निर्माण कार्य के बाद जब टंकी में पानी भरा गया तो उसकी चादरों और दीवारों से जगह-जगह पानी रिसने लगा।
ग्रामीणों ने टंकी पर चढ़कर निरीक्षण किया तो देखा कि कई स्थानों से लगातार पानी टपक रहा है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद इतनी जल्दी टंकी का लीकेज होना विभागीय लापरवाही और भ्रष्टाचार की ओर संकेत करता है।
जानकारी के अनुसार टंकी निर्माण में जाल के रूप में 3 सूत की सरिया बिछाई गई थी। इसकी ड्राइंग आर.के. श्रीवास्तव (चीफ कंसल्टेंट) तथा असिस्टेंट प्रोफेसर विनय कुमार सिंह, डिपार्टमेंट ऑफ सिविल द्वारा तैयार की गई थी।
वहीं ब्लॉक इंचार्ज सहावर जुनैद का कहना है कि फिलहाल मामले में कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी। जांच टीम के निरीक्षण के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि निर्माण कार्य में कहां और किस स्तर पर लापरवाही हुई है।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
#YogiAdityanath #dmkasganj #soron #cmup
Author: Soron Live 24

