गंगा दशहरा व ईद को लेकर सोरों कोतवाली में शांति समिति की बैठक सम्पन्न


हरि की पैड़ी व लहरा गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और सौहार्द बनाए रखने पर हुई चर्चा
सोरों, कासगंज। आगामी गंगा दशहरा पर्व एवं ईद-उल-अजहा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने को लेकर तीर्थ नगरी सोरों कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लोकेश सिंह भाटी ने की।
बैठक में गंगा दशहरा के अवसर पर हरि की पैड़ी एवं लहरा गंगा घाट पर स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण एवं जाम की समस्या को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों से सुझाव भी मांगे, ताकि पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
वहीं ईद पर्व को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों से खुले में कुर्बानी न करने तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से बचने की अपील की गई। साथ ही कुर्बानी के बाद अवशेषों को निर्धारित गड्ढों में दबाने एवं खुले में नमाज अदा न करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने का आग्रह किया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लोकेश सिंह भाटी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेने का प्रयास न करे। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर भाईचारे के साथ ईद एवं गंगा दशहरा का पर्व मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में आदित्य काकोरिया, मनोज गुप्ता, नरेश महेरे, अंभरीश शर्मा, मो. उवैश बरकाती, जी. राशिद, वीरेन्द्र देवकी नन्दन, अर्जुन गंगेय, शाहनूर आलम पठान, मु. अफ्फान, समरुद्दीन, अमरुद्दीन, सकलैन खान, अब्दुल अलीम, राजू खान, विपिन कुमार, कादिर, रामसूरत, मुन्ना, श्रीकांत पाल, रेवलाल वर्मा, राजा फैसल मंसूरी, नगर पालिका आरआई शैलेन्द्र प्रताप, अशफाक उर्फ नदीम पहलवान सहित विभिन्न समाजों के संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

