भीषण गर्मी में बिजली संकट से जनता बेहाल, सुजावलपुर बिजली घर का अतिरिक्त 5 MVA ट्रांसफार्मर चालू कराने की उठी मांग

भीषण गर्मी में बिजली संकट से जनता बेहाल, सुजावलपुर बिजली घर का अतिरिक्त 5 MVA ट्रांसफार्मर चालू कराने की उठी मांग

गंजडुंडवारा। पटियाली विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही विद्युत व्यवस्था, अघोषित कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से परेशान जनता की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं समाजसेवी ने आवाज बुलंद की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड कासगंज एवं एसडीओ सुजावलपुर बिजली घर के माध्यम से सौंपते हुए सुजावलपुर बिजली घर पर रखा अतिरिक्त 5 MVA ट्रांसफार्मर तत्काल चालू कराने की मांग की।

ज्ञापन अवर अभियंता पंकज कुमार को सौंपते हुए अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उपभोक्ताओं को लगातार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और घंटों बिजली बाधित रहने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और बीमार लोग गर्मी में रातभर जागने को मजबूर हैं, जबकि बार-बार बिजली आने-जाने से घरेलू उपकरण भी खराब हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सुजावलपुर बिजली घर पर पहले से एक 5 MVA ट्रांसफार्मर संचालित है तथा क्षमता वृद्धि के लिए महीनों पहले एक अतिरिक्त 5 MVA ट्रांसफार्मर भी रख दिया गया था, लेकिन आज तक उसे कनेक्ट कर चालू नहीं किया गया। यदि समय रहते इसे चालू कर दिया जाता तो क्षेत्रवासियों को बिजली संकट से काफी राहत मिल सकती थी।

अब्दुल हफीज गांधी ने किसानों की समस्या को भी गंभीर बताते हुए कहा कि बिजली चालित ट्यूबवेलों को पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने से मक्का समेत अन्य फसलें सूखने लगी हैं। किसान दिन-रात बिजली आने का इंतजार करते हैं, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति न मिलने से उनकी मेहनत और फसल दोनों संकट में हैं।

ज्ञापन में मांग की गई कि सुजावलपुर बिजली घर पर रखे अतिरिक्त 5 MVA ट्रांसफार्मर को तत्काल चालू कर दोनों ट्रांसफार्मरों से सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही लगातार हो रही ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए तथा किसानों को नियमित और पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए।

इस दौरान असलम अंसारी, जगतपाल सिंह, शमीम खान, दीपक पाल और पंकज लोधी सहित कई लोग मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *