सोरों में सफाई व्यवस्था चौपट, वार्डवासियों ने खुद संभाली कमान
सोरों के वार्ड नंबर 7 मोहल्ला कटरा में स्थानीय लोगों ने की नालियों की सफाई, नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप
सोरों, कासगंज। (सचिन उपाध्याय)सोरों नगर पालिका प्रशासन की सफाई व्यवस्था के दावे एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गए हैं। नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला कटरा स्थित वार्ड नंबर 7 में लंबे समय से सफाई न होने और सफाई कर्मियों के वार्ड में नहीं पहुंचने से नाराज स्थानीय लोगों ने खुद ही सफाई अभियान शुरू कर दिया।

वार्ड में फैली गंदगी और जाम नालियों से परेशान लोगों ने बताया कि कई दिनों से सफाई नहीं कराई गई, जिससे बदबू और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थिति से नाराज स्थानीय निवासी सत्यप्रकाश बघेल ने हाथों में फावड़ा लेकर स्वयं नालियों की सफाई शुरू की। उनके साथ अन्य मोहल्लेवासियों ने भी सफाई अभियान चलाकर जमा गंदगी को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मी नियमित रूप से क्षेत्र में नहीं आते, जिससे मोहल्ले में गंदगी का अंबार लगा रहता है।
इस दौरान सत्यप्रकाश बघेल ने कहा,
“नगर पालिका केवल कागजों में सफाई अभियान चलाती है, जबकि जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। वार्ड में कई दिनों से सफाई नहीं हुई थी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूर होकर हमें खुद नालियों की सफाई करनी पड़ी। यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।”
वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Author: Soron Live 24

