सोरों शूकरक्षेत्र के समग्र विकास की उठी मांग, पर्यटन मंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

सोरों शूकरक्षेत्र।( सचिन उपाध्याय)भारतीय जनता पार्टी चुनाव प्रबंधन विभाग कासगंज के जिला संयोजक आशुतोष त्रिवेदी के नेतृत्व में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को तीर्थ नगरी सोरों शूकरक्षेत्र के समग्र विकास को लेकर एक मांग पत्र सौंपा गया। ज्ञापन में क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें रखी गईं।
ज्ञापन में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास हो रहा है, जिससे सोरों शूकरक्षेत्र के लोगों में भी नई उम्मीद जगी है। इसी क्रम में मंत्री जयवीर सिंह के आगमन पर क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत करते हुए तीर्थ नगरी के विकास के लिए विशेष सहयोग की मांग की।
मांग पत्र में तीर्थ विकास परिषद के गठन, हरिपदी गंगा में स्वच्छ एवं सतत जल प्रवाह, भागीरथी गंगा प्रतिमा के सौंदर्यीकरण, गंगा घाटों के आधुनिक विकास, बराह मंदिर कॉरिडोर निर्माण, तुलसीदास प्रतिमा के सौंदर्यीकरण, हाई मास्ट लाइटें लगाने, रेलवे घाट पर पुल निर्माण तथा पर्यटन बढ़ाने के लिए बड़े फव्वारे लगाए जाने जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं।
आशुतोष त्रिवेदी ने कहा कि सोरों शूकरक्षेत्र देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में विशेष पहचान रखता है। यदि सरकार द्वारा योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जाएं तो यह तीर्थ नगरी राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन का बड़ा केंद्र बन सकती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को पूर्ण विश्वास है कि पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के सहयोग से सोरों शूकरक्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और यहां धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
Author: Soron Live 24

