15 मई को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह रखेंगे सोरों तीर्थ विकास कार्यों की आधारशिला
15.10 करोड़ की परियोजना से बदलेगी तीर्थनगरी की तस्वीर, घाटों का होगा सौंदर्यीकरण व आधुनिक सुविधाओं का विस्तार

कासगंज/सोरोंजी। पावन तीर्थ नगरी सोरोंजी में पर्यटन विकास को नई गति देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृत 15.10 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास 15 मई को किया जाएगा। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह सुबह 10 बजे भगवान वराह घाट पहुंचकर विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे।
प्रदेश सरकार ने 31 मार्च को इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी थी, जिसमें से 7.55 करोड़ रुपये की प्रथम किस्त भी जारी की जा चुकी है। परियोजना के अंतर्गत पवित्र हरि की पौड़ी के घाटों का पुनर्विकास, मंदिरों व घाटों की छतरियों का जीर्णोद्धार, आकर्षक सौंदर्यीकरण, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, फसाड वॉल निर्माण तथा संपर्क मार्गों पर साइनेज स्थापना का कार्य कराया जाएगा।
इन विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। शासन द्वारा निर्माण कार्यों को ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर भाजपा अध्यक्ष आदित्य दुबे ने बताया कि पर्यटन मंत्री का कार्यक्रम तय हो चुका है और शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं के विकास से सोरोंजी को नई पहचान मिलेगी और तीर्थनगरी धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जारी यह बजट तीर्थ क्षेत्र के ऐतिहासिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
भाजपा नेता आदित्य काकोरिया ने कहा कि योगी सरकार द्वारा सोरोंजी के विकास के लिए स्वीकृत यह परियोजना तीर्थनगरी के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि घाटों के सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा तथा सोरोंजी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी।
#YogiAdityanath #dmkasganj #soron #UPNews
Author: Soron Live 24

