फर्जी किसान संगठन की आड़ में अपराध, सुजीत पाण्डेय पर रासुका की कार्रवाई

कासगंज। जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गैंगस्टर एवं हिस्ट्रीशीटर सुजीत उर्फ सुरजीत पाण्डेय के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर 13 मई 2026 को रासुका के अंतर्गत निरुद्धि आदेश जारी किया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार गंगाप्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में सामने आया कि ग्राम गढ़ी हरनाठेर निवासी सुजीत पाण्डेय अपने तीन सगे भाइयों के साथ मिलकर किसानों के नाम पर एक कथित संगठन संचालित कर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, सुजीत पाण्डेय पर 23, कुलदीप पाण्डेय पर 28, आशीष पाण्डेय पर 34 तथा संदीप पाण्डेय पर 26 मुकदमे दर्ज हैं। परिवार पर महिला उत्पीड़न, दलित उत्पीड़न, लूट, डकैती, रंगदारी, अवैध वसूली और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर आरोप हैं। इसके अलावा आए दिन सड़क जाम कर आमजन को परेशान करने की शिकायतें भी सामने आई थीं।
पुलिस का कहना है कि इन गतिविधियों के कारण गढ़ी हरनाठेर, गढ़ी पचगाई सहित आसपास के क्षेत्रों और व्यापारियों में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था, जिससे जनपद की लोक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
वर्तमान में जिला कारागार में निरुद्ध सुजीत पाण्डेय के जल्द बाहर आने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने रासुका की कार्रवाई की संस्तुति की थी। प्रभारी निरीक्षक ढोलना जगदीश चन्द्र की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने आरोपी को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत निरुद्ध कर दिया।
Author: Soron Live 24

