सोरों की ऐतिहासिक मेला भूमि वापस दिलाने की मांग तेज

चेयरमैन रामेश्वर दयाल महेरे व सभासदों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, नगर पालिका की संपत्ति लौटाने की उठाई मांग
सोरों शूकरक्षेत्र (कासगंज)। नगर पालिका परिषद सोरों की ऐतिहासिक एवं पौराणिक मेला मार्गशीर्ष भूमि को पुनः नगर निकाय को वापस दिलाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद सोरों की ओर से जिलाधिकारी कासगंज को एक ज्ञापन सौंप कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका परिषद सोरों की राजस्व ग्राम मोहम्मद सराय बदरिया एवं होडलपुर स्थित कई गाटा संख्याओं की भूमि पूर्व में नगर पालिका की संपत्ति थी। उक्त भूमि पर प्राचीन काल से बाबा तुलसीदास जी से जुड़ा तालाब, संत तुलसीदास स्मृति पुस्तक कुटीर तथा मार्गशीर्ष मेले का आयोजन होता रहा है।
नगर पालिका परिषद के अनुसार वर्ष 2015 में जिलाधिकारी के आदेश पर उक्त भूमि पुलिस लाइन निर्माण हेतु पुलिस विभाग को हस्तांतरित कर दी गई थी। आरोप है कि हस्तांतरण से पूर्व नगर पालिका परिषद को कोई सूचना नहीं दी गई और न ही किसी प्रकार का मुआवजा प्रदान किया गया।
इस मुद्दे को लेकर 11 मई 2026 को आयोजित नगर पालिका कमेटी की बैठक में विशेष प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए चेयरमैन रोमेश्वर दयाल महेरे, सभासद विष्णुकांत बिधौरी एवं सभासद नीरज पचौरी को अग्रिम कार्रवाई के लिए अधिकृत किया गया।
ज्ञापन में जिलाधिकारी से मांग की गई है कि सोरों की पौराणिक एवं ऐतिहासिक मेला मार्गशीर्ष भूमि को पुनः नगर निकाय को प्रत्यावर्तित कराया जाए, ताकि क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रह सके।
ज्ञापन देने वालों में नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे,,नीतेश पचौरी पचौरी, सभासद जयवीर कश्यप, रामसनेही, पवनेश सक्सेना अतुल तिवारी अतुल महेरे विष्णुकांत तिवारी,मुनीश चौधरी, विजय गोस्वामी जय सिंह संजीव यादव शेट्टी, सभासद सहित कई सभासद शामिल रहे!
Author: Soron Live 24

