पुलिस कर्मियों के लिए एसपी कासगंज की नई पहल: जन्मदिन और सालगिरह पर मिलेगा अवकाश

पुलिस कर्मियों के लिए एसपी कासगंज की नई पहल: जन्मदिन और सालगिरह पर मिलेगा अवकाश

कासगंज।( सचिन उपाध्याय )पुलिस अधीक्षक कासगंज द्वारा सोमवार देर रात रिजर्व पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम सभागार में जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पुलिस कर्मियों की समस्याओं, सुझावों और विभागीय व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन के दौरान पुलिस कर्मियों ने ड्यूटी व्यवस्था, आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं, अवकाश, भोजन व्यवस्था तथा पारिवारिक समस्याओं से जुड़े विषय उठाए। पुलिस अधीक्षक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

एसपी ने पुलिस विभाग एवं शासन स्तर पर संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कर्मचारियों को स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, मानसिक संतुलन एवं सेवा संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया। साथ ही पुलिस कर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशील व्यवहार के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि आमजन के साथ बेहतर व्यवहार, महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाया जाना चाहिए।

सम्मेलन में सबसे खास घोषणा पुलिस कर्मियों के अवकाश को लेकर रही। जनपद स्तर पर नई व्यवस्था लागू करते हुए तय किया गया है कि प्रत्येक कर्मचारी को उसके निर्धारित आकस्मिक अवकाशों में से पांच विशेष अवसरों पर हर परिस्थिति में अवकाश प्रदान किया जाएगा।

पांच विशेष अवसर जिन पर मिलेगा अवकाश:

  • कर्मचारी के स्वयं के जन्मदिन पर
  • पति या पत्नी के जन्मदिन पर
  • शादी की सालगिरह पर
  • पहले बच्चे के जन्मदिन पर
  • दूसरे बच्चे के जन्मदिन पर

यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। सम्मेलन में विभिन्न शाखाओं एवं थानों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *