भगवान परशुराम जयंती पर कासगंज में निकली भव्य शोभायात्रा, जयघोषों से गूंजा कासगंज

कासगंज। सचिन उपाध्याय शहर में रविवार को भगवान श्री परशुराम जयंती बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी होली स्थित भगवान परशुराम मंदिर से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और जयघोषों के साथ किया गया। शोभायात्रा में भगवान परशुराम की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने नगर भ्रमण के दौरान लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
शोभायात्रा में ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ-साथ विभिन्न समाजों के श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालु “जय श्री परशुराम” के जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। भक्तों ने भगवान परशुराम की आरती उतारकर प्रसाद वितरण भी किया। यात्रा के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला।
शोभायात्रा में शामिल झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। यात्रा के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। भगवान परशुराम जयंती को लेकर शहर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा।
श्री ब्राह्मण समाज अध्यक्ष विवेक वशिष्ठ ने कहा कि भगवान परशुराम केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं बल्कि संपूर्ण सनातन संस्कृति के प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों पर चलकर समाज में एकता और संस्कारों को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देते हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि भगवान परशुराम त्याग, तप और न्याय के प्रतीक हैं। समाज को उनके आदर्शों को आत्मसात कर भाईचारे और सद्भाव के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने शोभायात्रा में उमड़े जनसैलाब को सनातन संस्कृति के प्रति लोगों की आस्था बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम भारतीय संस्कृति और धर्म रक्षा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने शोभायात्रा के सफल आयोजन पर सभी श्रद्धालुओं और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान श्री ब्राह्मण समाज अध्यक्ष विवेक वशिष्ठ, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, भाजपा नेता ज्ञान तिवारी, एटा के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश वशिष्ठ, गौरी शंकर शर्मा, अजीत पाठक, विशाल पांडेय, दुर्गेश दुबे, सीवी द्विवेदी, दीपू पांडेय, आयुष भारद्वाज, अक्षय पालीवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

