श्मशान घाट के पास खेत में मिली विवाहिता की संदिग्ध हालात में लाश, इलाके में सनसनी

पुलिस व फील्ड यूनिट जांच में जुटी, परिजनों को दी गई सूचना
कासगंज। जनपद के थाना ढोलना क्षेत्र के गांव तवालपुर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब श्मशान घाट के पास खेत में एक विवाहिता का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार पीआरबी व आरओआईपी को सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि गांव तवालपुर में श्मशान घाट के पास हाकिम सिंह यादव के खेत में एक महिला का शव पड़ा है, जिसका आधा शरीर पतेल से ढका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान यशोदा देवी पत्नी अनमोल जाटव उम्र करीब 25 वर्ष निवासी तवालपुर थाना ढोलना के रूप में कराई।
बताया गया है कि मृतका के एक तीन वर्षीय पुत्र तथा डेढ़ वर्षीय पुत्री है। करीब चार वर्ष पूर्व यशोदा की शादी अनमोल जाटव से प्रेम विवाह के जरिए हुई थी। मृतका का मायका ग्राम उकावली में है।
घटना की सूचना मृतका के पिता करतार सिंह तथा अन्य परिजनों को दे दी गई है। गांव के लोगों के माध्यम से भी परिवार को अवगत कराया गया।
मौके पर थाना प्रभारी ढोलना जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान तथा फील्ड यूनिट की टीम पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी रही। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
Author: Soron Live 24

