कासगंज में ट्रैफिक नियमों पर सख्ती: प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर पर कार्रवाई, 450 चालान, 4 वाहन सीज

कासगंज। जनपद में यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर कासगंज यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए व्यापक कार्रवाई की। 2 मई से 3 मई 2026 तक चले इस अभियान के दौरान हजारा नहर पुल, बिलराम गेट चौराहा और बस स्टैंड क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग की गई।
अभियान के तहत डेसीबल मीटर से जांच के दौरान 80 डेसीबल से अधिक ध्वनि करने वाले 13 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कदम उठाए गए।
कार्रवाई के दौरान क्षमता से अधिक सवारी बैठाना, गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना फिटनेस वाहन संचालन, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग, दोपहिया पर तीन सवारी, मालवाहक वाहनों में सवारियां बैठाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर कार्रवाई की गई।
इस विशेष अभियान में कुल 450 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि 4 वाहनों को सीज किया गया। चालान के माध्यम से कुल 7 लाख 91 हजार रुपये का ऑनलाइन शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
#BreakingNews #kasganjpolice
Author: Soron Live 24

