बुद्ध पूर्णिमा पर सोरों–लहरा गंगा घाट पर आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

कासगंज | सचिन उपाध्याय/ रवि श्रोतीय!आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम
बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। हरि की पैड़ी एवं लहरा कादरगंज गंगा घाट पर शुक्रवार सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर धर्म–कर्म और दान–पुण्य के साथ पुण्य लाभ अर्जित किया। घाटों पर “हर-हर गंगे” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सुबह 5 बजे से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला
भोर की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। सुबह 5 बजे से ही स्थानीय लोगों सहित दूर-दराज से आए भक्तों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान वराह एवं गंगा माता मंदिर, तैलीय घाट पर दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मंदिरों में दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
सोरों के प्राचीन भगवान वराह मंदिर और गंगा मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामनाओं के लिए प्रार्थना की।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। घाटों पर जगह-जगह पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मी तैनात रहीं। क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान ने हरि की पैड़ी घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से संवाद भी किया।
गंगा मंदिर के पुजारी विष्णु माफीदार ने बुद्ध पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि—
“बुद्ध पूर्णिमा का दिन अत्यंत पवित्र और फलदायी माना जाता है। इस दिन गंगा स्नान करने से व्यक्ति के समस्त पापों का नाश होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। गंगा मैया की पूजा-अर्चना एवं दान-पुण्य करने से न केवल मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, बल्कि व्यक्ति को आध्यात्मिक शांति भी प्राप्त होती है। खासकर सोरों जैसे पवित्र तीर्थ स्थल पर स्नान और दर्शन का फल कई गुना बढ़ जाता है। यहां भगवान वराह और गंगा माता का आशीर्वाद श्रद्धालुओं को विशेष कृपा प्रदान करता है।”
गंगा स्नान का विशेष महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बुद्ध पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान, दान-पुण्य और पूजा-अर्चना करने से पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इसी आस्था के चलते हर वर्ष की तरह इस बार भी सोरों और लहरा घाट पर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
#BreakingNews #UPPolice #YogiAdityanath #soron #BuddhPurnima
Author: Soron Live 24

