सोरों नगर पालिका बोर्ड बैठक में हंगामा, धरना-प्रदर्शन व काले झंडे दिखाने के बीच वार्षिक बजट सत्र निरस्त
दो घंटे चली बैठक हंगामे की भेंट, सभासदों ने किया बहिष्कार

धरना प्रदर्शन करते सभासद
कासगंज/सोरों। नगर पालिका परिषद की बोर्ड एवं वार्षिक बजट सत्र की बैठक करीब दो घंटे तक हंगामे के बीच चली, जिसके बाद सभासदों ने विरोध जताते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया और बैठक निरस्त करनी पड़ी।
वित्तीय अनियमितता व भ्रष्टाचार के आरोप, प्रशासन पर मनमानी का आरोप
सभासद संघ अध्यक्ष विष्णु तिवारी के नेतृत्व में सभासदों ने नगर पालिका प्रशासन पर वित्तीय अनियमितताओं, कर्मचारियों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने और सभासदों की अनदेखी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लिखित शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
आय-व्यय का ब्यौरा व 25 बिंदुओं पर जवाब की मांग
सभासद नितेश तिवारी ने नगर पालिका से आय-व्यय का वार्षिक ब्यौरा मांगा और नगर में हुए कार्यों व अनियमितताओं को लेकर 25 बिंदुओं पर जवाब तलब किया।
इंटर कॉलेज प्रकरण और विकास कार्यों को लेकर उठे सवाल
सभासद अतुल महेरे और विजय गोस्वामी ने संत तुलसीदास म्युनिसिपल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर प्रवेश फार्म के नाम पर वसूली के आरोप उठाए और अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन व काले झंडे दिखाकर जताया विरोध
बैठक के बाद कार्यवाही पुस्तिका में दिन की कार्रवाई दर्ज करने की मांग को लेकर कई सभासदों—नीतेश पचौरी (रिंकू), पवनेश सक्सेना, अतुल महेरे, विष्णु तिवारी, अतुल तिवारी, अनुभव निर्भय, रवि दुबे, विजय गोस्वामी, जय सिंह, मुनीश चौधरी, मेहरुद्दीन जय पाल कश्यप आदि—ने नगर पालिका परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और काले झंडे दिखाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रशासन ने दिया आश्वासन, जल्द बुलाई जाएगी अगली बैठक
बैठक में मौजूद नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे, एसडीएम और अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा ने सभासदों की शिकायतें सुनीं और समस्याओं के निस्तारण के बाद जल्द अगली बोर्ड बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया।
नामित सभासदों की भी रही मौजूदगी
बैठक में नामित सभासद राहुल अग्रवाल, मुकेश राजपूत, संपूर्णानंद भारद्वाज, हरिशंकर बघेल, नाथूराम मौर्य और विनीता तिवारी सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

