हरदोई में महिला अभिभावक से अभद्रता पर FIR, वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया प्रशासन

हरदोई में महिला अभिभावक से अभद्रता पर FIR, वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया प्रशासन


:
BSA के निर्देश पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई, जांच टीम गठित; SC/ST एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

हरदोई।जनपद हरदोई में एक निजी विद्यालय में महिला अभिभावक के साथ अभद्रता का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस और शिक्षा विभाग सक्रिय हो गए। पीड़िता नीलम वर्मा की तहरीर पर थाना कोतवाली शहर में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 तथा SC/ST एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना 24 अप्रैल की है, जब नीलम वर्मा अपनी बेटी अलीशा के भविष्य को लेकर विद्यालय पहुंची थीं। आरोप है कि वहां कॉपियों की खरीद को लेकर उन पर आर्थिक दबाव बनाया गया। जब उन्होंने कुछ समय की मोहलत मांगी, तो विद्यालय प्रबंधन द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अपमानजनक शब्दों और कथित जातिसूचक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा।
पूरी घटना का वीडियो 26 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया और जिले में आक्रोश फैल गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) डॉ. अजीत सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की। उन्होंने स्वयं टीम के साथ विद्यालय पहुंचकर घटना की जांच की। जांच के दौरान न केवल घटना की सच्चाई की पड़ताल की गई, बल्कि विद्यालय के संचालन और भवन मानकों का भी निरीक्षण किया गया।
प्रारंभिक जांच में स्कूल प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर BSA ने खंड शिक्षा अधिकारी (नगर) को निर्देशित किया कि प्रधानाचार्य और प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए। साथ ही, विद्यालय की प्रबंधक ममता मिश्रा के स्कूल परिसर में प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है, ताकि जांच निष्पक्ष रूप से पूरी हो सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *