मोहिनी एकादशी पर सोरों धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्ति भाव से निकली पंचकोशी परिक्रमा
हरि की पौड़ी से शुरू हुई परिक्रमा, संकीर्तन और प्रसादी वितरण से भक्तिमय हुआ पूरा क्षेत्र

सोरों जी (कासगंज), (सोमवार):मोहिनी एकादशी के पावन अवसर पर शूकरक्षेत्र धाम सोरों जी में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातःकालीन बेला में श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी स्थित पवित्र गंगा में स्नान कर भगवान वराह का विधिवत पूजन-अर्चन किया और पंचकोशी परिक्रमा का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति के सहसंयोजक अर्जुन लाल गुप्ता द्वारा भगवान वराह को भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं के बीच सरबत प्रसादी वितरित की गई। इसके पश्चात हरिनाम संकीर्तन के साथ भक्तों ने उत्साहपूर्वक पंचकोशी परिक्रमा आरंभ की। संकीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
पंचकोशी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं ने वराह गौशाला, चक्रतीर्थ, सूर्यकुण्ड, चन्द्रकुण्ड, जयादेवी भद्रकाली मंदिर, बटुक भैरव मंदिर, सतयुगकालीन ग्रधवट, ग्राम देवी मंदिर, सीताराम मंदिर, तुलसीदास जन्मस्थान सहित विभिन्न पवित्र स्थलों के दर्शन किए। आगे बढ़ते हुए श्रद्धालु चौरासी घंटा मैया, सेडूनगला, बाछरु महाराज, सीताजी की रसोई, ममता देवी भवन, सिग्नल वाले महाराज, करुआ देव महाराज, भगीरथ गुफा, कपिल मुनि आश्रम, वनखंडेश्वर महादेव मंदिर एवं चैतन्य महाप्रभु की बैठक होते हुए पुनः वराह मंदिर पर परिक्रमा पूर्ण की।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर रामदर्शन महेरे, नीरज तिवारी, ओमप्रकाश मौर्य, दीपक बड़गैयाँ, गिरीश पाठक, अशोक धमनावत, विजय तिवारी सहित अनेक श्रद्धालुओं द्वारा प्रसादी वितरण कर सेवा भाव प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर ब्राह्मण कल्याण सभा के संस्थापक अध्यक्ष एवं शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति के संयोजक शरद कुमार पाण्डेय ने मोहिनी एकादशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व भगवान विष्णु के मोहिनी अवतार को समर्पित है। इस व्रत के पालन से व्यक्ति को पापों से मुक्ति, मानसिक शांति, सुख-समृद्धि और मोक्ष की प्राप्ति होती है।
उन्होंने यह भी बताया कि शूकरक्षेत्र धाम सोरों जी में प्रत्येक एकादशी को पंचकोशी परिक्रमा का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु आकर भाग लेते हैं।
इस धार्मिक आयोजन में शरद कुमार पाण्डेय, शिवानंद उपाध्याय, अशोक कुमार पाण्डेय, शशांक दीक्षित, विनोद दीक्षित, हाकिम सिंह, राजकुमार गौड़ सहित सैकड़ों श्रद्धालु, माताएं, बहनें, बुजुर्ग और बच्चों ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
Author: Soron Live 24

