होमगार्ड्स लिखित परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने केन्द्रों का किया निरीक्षण

कासगंज,। जनपद में 25 अप्रैल से आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पी.एम.श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एस.के.एम. इंटर कॉलेज, गणेश इंटर कॉलेज कासगंज तथा संत तुलसीदास इंटर कॉलेज सोरों में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम एवं स्ट्रॉन्ग रूम की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल या फर्जीवाड़े पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी अनियमितता की सूचना मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
सुरक्षा के मद्देनजर सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान परीक्षा से संबंधित स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का भी बारीकी से परीक्षण किया गया तथा सभी सुरक्षा उपकरणों को पूर्णतः सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा का भी निरीक्षण करते हुए उच्चतम सुरक्षा मानकों के शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
Author: Soron Live 24

