सोरों के मुख्य बाजार में ‘जाम का जंजाल’—घंटों फंस रहे श्रद्धालु और स्थानीय लोग अनाज मंडी से कछला गेट तक अतिक्रमण का कब्जा, प्रशासन बना मूकदर्शक

सोरों के मुख्य बाजार में ‘जाम का जंजाल’—घंटों फंस रहे श्रद्धालु और स्थानीय लोग

अनाज मंडी से कछला गेट तक अतिक्रमण का कब्जा, प्रशासन बना मूकदर्शक

सोरों (कासगंज)। तीर्थ नगरी सोरों के मुख्य बाजार में इन दिनों जाम की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। अनाज मंडी चौराहे से लेकर लहरा रोड कछला गेट तक अतिक्रमण का ऐसा जाल फैला है कि रोजाना हजारों की संख्या में आने वाले श्रद्धालु और स्थानीय लोग घंटों जाम में फंसने को मजबूर हैं।

गंगा स्नान, अस्थि विसर्जन और पिंडदान के लिए दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बाजार से गुजरना भारी पड़ रहा है। हालात यह हैं कि दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर तक सामान फैलाने और सड़कों पर कब्जा करने से रास्ते सिकुड़ गए हैं। नतीजतन, दोपहिया, चारपहिया वाहन, ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल निकालना तक मुश्किल हो गया है। कई बार तो एक-एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रहती है।

हर चौराहे पर अतिक्रमण, हर कदम पर परेशानी

अनाज मंडी चौराहा, रामलाल हलवाई चौराहा, रामसिंहपुरा, लहरा रोड और कछला गेट—लगभग पूरे मुख्य बाजार में अतिक्रमण का कब्जा साफ देखा जा सकता है। बाजार की सड़कों पर अव्यवस्था का आलम यह है कि जाम के चलते आए दिन व्यापारियों और राहगीरों के बीच कहासुनी और झगड़े तक हो रहे हैं।

नगर पालिका और प्रशासन पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका परिषद क्षेत्र होने के बावजूद प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। अतिक्रमण हटाने के नाम पर न तो कोई अभियान चलाया जाता है और न ही कोई ठोस कार्रवाई देखने को मिलती है।

जनता की मांग—चलाओ ‘अतिक्रमण हटाओ’ अभियान

स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द मुख्य बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। कपिल पंडित, श्याम दीक्षित, केशव एडवोकेट, रामदास समेत कई लोगों ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो समस्या और विकराल हो सकती है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और सोरों के मुख्य बाजार को जाम के जंजाल से राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *