कासगंज में पेंशनर्स का प्रदर्शन, 8वें वेतन आयोग में शामिल करने समेत 10 मांगों पर ज्ञापन सौंपा

कासगंज में पेंशनर्स का प्रदर्शन, 8वें वेतन आयोग में शामिल करने समेत 10 मांगों पर ज्ञापन सौंपा


कासगंज। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश (जनपद शाखा कासगंज) के बैनर तले मंगलवार को पेंशनर्स ने जिला अधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर केंद्र व प्रदेश सरकार से पेंशन से जुड़ी लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि 8वें वेतन आयोग के दायरे से पुराने पेंशनरों को बाहर रखने से व्यापक असंतोष है। संगठन ने इसे तिथि के आधार पर भेदभाव बताते हुए सभी पेंशनरों को 8वें वेतन आयोग के तहत लाने की मांग की। साथ ही कर्मचारियों, पेंशनरों व शिक्षकों के लिए अलग उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) लागू करने की भी बात कही गई।
पेंशनर्स ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने, पेंशन के राशिकरण की कटौती 10 वर्ष बाद समाप्त करने, 65 वर्ष की आयु के बाद हर पांच वर्ष पर 5 प्रतिशत पेंशन वृद्धि देने और पेंशन को आयकर से मुक्त रखने की मांग रखी। इसके अलावा कोरोना काल के 18 माह के डीए/डीआर एरियर का भुगतान, वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में 50 प्रतिशत छूट, आयुष्मान भारत योजना में कैशलेस इलाज की सीमा 10 लाख रुपये करने तथा महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से अधिक होने पर उसे मूल पेंशन में मर्ज करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि ये सभी मुद्दे बुजुर्गों से सीधे जुड़े हैं और लंबे समय से लंबित हैं, जिससे पेंशनर्स को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल यादव व जिला मंत्री महीपाल सिंह राजपूत समेत बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *