सोरों में धूमधाम से निकली भगवान परशुराम जन्मोत्सव शोभायात्रा, भव्य झांकियों ने मोहा मन

कासगंज (सोरों): (सचिन उपाध्याय रवि श्रोतीय)तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ बरेली के मेयर उमेश गौतम द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ एवं सोरों नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शोभायात्रा परशुराम मंदिर से प्रारंभ होकर हर की पैड़ी, चंदन चौक, रोडवेज बस स्टैंड, रामसिंहपुरा, कछला गेट, सहावर गेट, अनाज मंडी और मोहल्ला तिराया होते हुए पुनः परशुराम मंदिर पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया गया।
शोभायात्रा में एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें भगवान परशुराम, भगवान वाराह, गोस्वामी तुलसीदास, गंगा मैया और हनुमान जी की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल एवं पीएसी जवान सोरों कोतवाली प्रभारी लोकेश भाटी, सुमित अवस्थी अन्य पुलिस कर्मी तैनात रहे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर बरेली मेयर उमेश गौतम ने कहा, “भगवान परशुराम का जीवन हमें धर्म, साहस और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। इस तरह के आयोजन समाज को एकता और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।”:
ब्राह्मण कल्याण सभा के अध्यक्ष शरद कुमार पांडे ने कहा, “यह शोभायात्रा हमारी सांस्कृतिक विरासत और आस्था का प्रतीक है। समाज के सभी वर्गों का सहयोग इस आयोजन को भव्य बनाता है, जिसके लिए हम सभी का आभार व्यक्त करते हैं।”
शोभायात्रा में ब्राह्मण कल्याण सभा के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही। प्रमुख रूप से अशोक कुमार पांडे, शोभित गौड़, धनदीप दघिरा, अर्जुन मिश्रा, शुभम मिश्रा, अतुल निर्भय, राधे मोहन झा, उपेंद्र उपाध्याय, श्याम दीक्षित, जय प्रकाश तिवारी, पीयूष तिवारी, सोनू, बबलू, कमल नयन चौधरी, हिमांशु चौधरी, नरेश उपाध्याय, सीताराम तिवारी, शिवम महेरे, लकी उपाध्याय और पंकज पाराशरी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर, पूरे सोरों क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
Author: Soron Live 24

