मानवता की मिसाल: 53 लावारिस मृतकों की अस्थियों का विधि-विधान से गंगा में विसर्जन

सोरों (कासगंज): (सचिन उपाध्याय)तीर्थ नगरी सोरों में एक भावुक और सराहनीय मानवीय पहल देखने को मिली, जहां बैकुंठ धाम वेलफेयर ट्रस्ट फिरोजाबाद के अध्यक्ष एवं जिले के वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र शर्मा और उनकी टीम ने 53 लावारिस/अज्ञात मृत व्यक्तियों की अस्थियों का हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विधि-विधान से विसर्जन एवं पिंडदान कराया।
यह कार्यक्रम सोरों के प्रसिद्ध हरि की पैड़ी गंगा घाट पर संपन्न हुआ, जहां पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए पिंडदान किया गया। इस दौरान ट्रस्ट के सभी सदस्यों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस पुण्य कार्य में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हैं। लावारिस मृतकों के लिए इस तरह का अंतिम संस्कार न केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी है, बल्कि यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है।
जितेंद्र शर्मा पत्रकार (अध्यक्ष, बैकुंठ धाम वेलफेयर ट्रस्ट)
“हमारा उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति इस दुनिया से जाने के बाद उपेक्षित न रहे। हर आत्मा को सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार और मोक्ष प्राप्त करने का अधिकार है। हमारी टीम लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है और आगे भी ऐसे मानवीय प्रयास जारी रहेंगे।”
Author: Soron Live 24

