तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दुकानदार की मौत, सड़क पार करते समय हुआ हादसा

कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र में कासगंज-अलीगढ़ रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 46 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गांव मोहम्मदपुर के समीप की है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान बृजेश पुत्र रमेश चंद्र लोधी निवासी हरिहरपुर थाना अमापुर, जनपद कासगंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बृजेश ढोलना स्थित अपनी दुकान से शटरिंग का सामान देने मोहम्मदपुर आए थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय मोटरसाइकिल संख्या UP81 DY 0057 के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एंबुलेंस के जरिए मोर्चरी भिजवाया गया। परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक ढोलना, जगदीश चंद्र के अनुसार मौके पर कानून व्यवस्था सामान्य है तथा शांति व्यवस्था कायम है।
Author: Soron Live 24

