कट्टरपंथी गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग: विहिप-बजरंग दल ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

कासगंज, 18 अप्रैल 2026।जनपद कासगंज में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन उपजिलाधिकारी (SDM) के माध्यम से प्रेषित किया गया, जिसमें देश में बढ़ती कट्टरपंथी गतिविधियों, अवैध कब्जों एवं संगठित अपराधों पर कठोर कार्रवाई की मांग उठाई गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गांधी मूर्ति चौराहे से तहसील कार्यालय तक पैदल मार्च भी निकाला।
आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक समरसता पर चिंता
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा समाज विरोधी गतिविधियां बढ़ रही हैं, जो देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा बनती जा रही हैं। संगठन ने ऐसे मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
कई अहम मुद्दों को उठाया
ज्ञापन में तथाकथित “लव जिहाद”, हिंदू बालिकाओं के शोषण, शिक्षण संस्थानों में संदिग्ध गतिविधियों तथा विभिन्न स्थानों पर अवैध कब्जों जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया। संगठन का कहना है कि इन गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।
प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सार्वजनिक एवं सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाने, धर्मांतरण और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून लागू किए जाएं।
शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील
संगठन ने प्रशासन से देश में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रभावी कदम उठाने की अपील की, ताकि आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन कर सकें।
ये रहे मौजूद ज्ञापन के दौरान अमरीश वशिष्ट, गोविंद महेरे, प्रमोद शाहू, अखिलेश भारद्वाज, दीपक, राजेंद्र, आकाश, यश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
#BreakingNews #kasganj
Author: Soron Live 24

