हरि की पौड़ी सोरों में जल संकट पर चेयरमैन का एक्शन, निरंतर जलापूर्ति के लिए सिंचाई विभाग को लिखा पत्र

कासगंज/सोरों:नगर पालिका परिषद सोरों (कासगंज) के अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने सोरों स्थित पवित्र तीर्थ श्री गंगाजी हरि की पौड़ी पर जल की कमी को लेकर गंभीर चिंता जताई है। इस संबंध में उन्होंने सिंचाई विभाग, अलीगढ़ के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर निरंतर जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि सोरों सूकर क्षेत्र देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जिसे उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा तीर्थस्थल घोषित किया जा चुका है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु विभिन्न राज्यों से पहुंचकर हरि की पौड़ी में स्नान, पूजा-अर्चना और पिंडदान जैसे धार्मिक कार्य करते हैं।
वर्तमान में जल की कमी के कारण घाट पर पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे न केवल श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि जलीय जीवों, विशेषकर मछलियों के जीवन पर भी संकट उत्पन्न हो गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में भी जल की कमी के चलते बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो चुकी है, जिससे जनमानस में रोष व्याप्त हुआ था।
नगर पालिका अध्यक्ष ने सिंचाई विभाग से आग्रह किया है कि श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए हरि की पौड़ी पर निरंतर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो और धार्मिक आस्था बनी रहे।
Author: Soron Live 24

