सोरों हरि की पैड़ी घाट पर हादसा: सूखा पेड़ गिरने से दो श्रद्धालु घायल

सोरों। तीर्थ नगरी सोरों स्थित हरि की पैड़ी घाट पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पिंडदान कर रहे श्रद्धालुओं के ऊपर अचानक सूखे पेड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर पड़ा। हादसे में दो श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पिंडदान के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हरि की पैड़ी के पांच छतरी वाले घाट पर कुछ श्रद्धालु अपने परिजनों के अस्थि विसर्जन एवं पिंडदान की प्रक्रिया में जुटे हुए थे। इसी दौरान पास में खड़ा एक सूखा पेड़ अचानक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर दो युवक घायल हो गए।
घायलों की पहचान
हादसे में घायल श्रद्धालुओं की पहचान इस प्रकार हुई है—
गोविंद सिंह (23) पुत्र भगवान सिंह, निवासी छिपाया, मध्यप्रदेश
प्रधान सिंह (25) पुत्र निर्माण सिंह, निवासी छिपाया, मध्यप्रदेश
अस्पताल में भर्ती
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद तीर्थ पुरोहितों एवं स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सोरों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रशासन से उठी मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों में रोष व्याप्त है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं नगर पालिका से मांग की है कि हरि की पैड़ी के किनारे खड़े सभी सूखे एवं जर्जर वृक्षों को जल्द से जल्द कटवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल
इस हादसे ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि तीर्थ स्थल पर नियमित निरीक्षण और सुरक्षा उपायों की सख्त जरूरत है।
Author: Soron Live 24

