सोरों में अंबेडकर जयंती की धूम
भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब


सोरों !कासगंज!( सचिन उपाध्याय)14 अप्रैल। तीर्थ नगरी सोरों में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने लोगों का मन मोह लिया।
बुद्ध विहार में गोष्ठी, वक्ताओं ने रखे विचार
सहावर गेट स्थित बुद्ध विहार में अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अन्य आगंतुकों ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उनके विचारों पर प्रकाश डाला।
यात्रा सहावर गेट स्थित बुद्ध विहार से शुरू होकर कछला गेट, सब्जी मंडी, राम सिंह पुरा, कटरा, मठ, चंदन चौक, रोडवेज बस स्टैंड, मोहल्ला बदरिया होते हुए अनाज मंडी पहुंची और पुनः सहावर गेट पर समापन हुआ।
झांकियां और डीजे बने आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की भव्य झांकी के साथ भगवान बुद्ध एवं अन्य महापुरुषों की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। डीजे की धुन पर युवा जोश के साथ झूमते नजर आए।
चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सोरों कोतवाली प्रभारी लोकेश भाटी के नेतृत्व में पुलिस बल एवं पीएसी जवान जगह-जगह तैनात रहे।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश चंद्र कटारे ने कहा,
“बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज को समानता और न्याय का मार्ग दिखाया। हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में भाईचारा और शिक्षा को बढ़ावा देना चाहिए। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को उनके विचारों से जोड़ने का काम करते हैं।”
बड़ी संख्या में जुटे लोग
शोभायात्रा में कैलाश चंद्र कटारे, उमेश बोहरे, सतीश भारद्वाज, भाजपा नगर अध्यक्ष आदित्य काकोरिया, अनीता उपाध्याय, आशीष शर्मा, मुन्नालाल बघेल, सुनील कुमार, धर्मेंद्र कुमार बॉबी सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
Author: Soron Live 24

