भीमराव अंबेडकर जयंती पर भाजपा सोरों नगर कमेटी का कार्यक्रम, माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

कासगंज यूपी। (सचिन उपाध्याय)भारतीय जनता पार्टी सोरों नगर कमेटी द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मिठाई वितरित की गई तथा “विरासत भी, विकास भी” थीम पर आधारित वर्ष 2026 के कैलेंडर भी बांटे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष आदित्य काकोरिया दुबे ने कहा कि बाबासाहेब भारतीय संविधान के मुख्य वास्तुकार, महान समाज सुधारक और दलितों के सच्चे मसीहा थे। उनका संपूर्ण जीवन समानता, शिक्षा और न्याय के लिए संघर्ष की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने समाज से छुआछूत जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया और स्वतंत्र भारत के पहले कानून मंत्री के रूप में देश की नींव को मजबूत किया।
वहीं मनोज मधुवन (भारद्वाज) ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक और सशक्त भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने सभी से बाबासाहेब के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
इस दौरान कार्यक्रम में नानक चंद्र गुप्ता, कृष्णकांत वशिष्ठ, रामगोविंद महेरे, आशुतोष त्रिवेदी, सतीश चौधरी, विजय गोस्वामी, गिरीश वार्ष्णेय, बृजेश उपाध्याय, नीरज रावत, राहुल पचौरी, अवनीश वशिष्ठ, सम्पूर्णानंद भारद्वाज, योगेंद्र कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

