कासगंज में अंबेडकर जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित
सेवा भारती द्वारा ग्राम नसरतपुर में प्रतिमा अनावरण, ग्रामीणों ने ली प्रेरणा

कासगंज, 14 अप्रैल। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में सेवा भारती द्वारा ग्राम नसरतपुर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम गांव के बगीचे में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली।
इस अवसर पर बाबा साहेब की नवीन प्रतिमा का विधिवत उद्घाटन कर माल्यार्पण किया गया। उपस्थित लोगों ने श्रद्धा के साथ उन्हें नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने रखा विचार, जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सेवा भारती एवं आरएसएस के विभाग उपाध्यक्ष डॉ. पंकज वार्ष्णेय ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और आत्मसम्मान की मिसाल है, जिससे हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष खूब सिंह लोधी एवं बिहारी सिंह ने भी गोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. अंबेडकर के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डाला और उनके बताए मार्ग पर चलने की अपील की।
डॉ. पंकज वार्ष्णेय ने कहा,
“डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन हमें संघर्ष और शिक्षा का महत्व सिखाता है। हमें अपने बच्चों को शिक्षा रूपी शेरनी का दूध अवश्य पिलाना चाहिए, ताकि वे अपने भविष्य में मजबूती के साथ आगे बढ़ सकें और समाज में अपनी पहचान बना सकें।”
कार्यक्रम संयोजक ने जताया आभार
कार्यक्रम संयोजक राय बहादुर सिंह ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
गोष्ठी में प्रमुख रूप से बिहारी सिंह, डॉ. पंकज वार्ष्णेय, खूब सिंह लोधी, राय बहादुर सिंह, गीता सोलंकी, अंकित कुमार, दूरबीन सिंह, ओमवीर सिंह सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बाबा साहेब के विचारों से जोड़ते हुए शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
Author: Soron Live 24

