कासगंज में विकास व कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक, मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

कासगंज, 13 अप्रैल 2026।
गन्ना विकास एवं चीनी मिल विभाग के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को जागरूक किया जाए तथा दहेज हत्या जैसे मामलों में गहन जांच कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए और सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उन्हें मिले।
आंधी, वर्षा व ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा देने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षतिग्रस्त विद्युत पोल और लाइनों को जल्द ठीक कर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
जल जीवन मिशन के तहत हो रहे निर्माण कार्यों की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए उपजिलाधिकारी न्यायिक और लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता की संयुक्त समिति गठित कर 15 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने और डायलिसिस मरीजों के उपचार में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग को स्कूल चलो अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने भरोसा दिलाया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा और आगामी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
#BreakingNews #YogiAdityanath
Author: Soron Live 24

