गौशालाओं की बदहाली पर बजरंग दल का फूटा गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी

कासगंज। जनपद की गौशालाओं की दयनीय स्थिति को लेकर बजरंग दल ने एक बार फिर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विभाग संयोजक अमरीष वशिष्ठ ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए और चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।
अमरीष वशिष्ठ ने बताया कि बजरंग दल पिछले कई वर्षों से जिले की गौशालाओं का लगातार निरीक्षण कर रहा है। हाल ही में पचलाना स्थित कान्हा गौशाला में सामने आई बदहाल स्थिति को लेकर संगठन ने 11 सूत्रीय शिकायत पत्र प्रशासन को सौंपा था। इस पर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए, लेकिन 10 दिन बीतने के बाद भी जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते गौशालाओं में गोवंशों की हालत अत्यंत खराब हो गई है। उन्होंने मांग की कि दोषी कर्मचारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और सभी गौशालाओं में गोवंशों के भोजन व उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में शहर की अन्य समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। इसमें बस स्टैंड पर स्थायी बैरिकेडिंग, नदरई गेट से बाकनेर तक डिवाइडर कट बंद कराने, संदिग्ध वाहनों पर कार्रवाई, बालिका विद्यालयों के आसपास एंटी रोमियो स्क्वॉड की तैनाती, कैफे व पिज्जा प्वाइंट्स पर निगरानी बढ़ाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन पर रोक लगाने की मांग शामिल है।
इसके अलावा चामुंडा मंदिर पर विशेष अवसरों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने और मंदिर परिसर के आसपास होने वाले आयोजनों से आस्था प्रभावित न हो, इस पर भी ध्यान देने की बात कही गई। साथ ही 12 अप्रैल को आयोजित होने वाली हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन से सहयोग की अपील की गई।
वहीं, गौशालाओं की स्थिति को लेकर एटा सांसद देवेश शाक्य का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पचलाना स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण कर गोवंशों की खराब हालत को लाइव दिखाया। सांसद ने प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए गोवंशों की दुर्दशा पर गहरी चिंता जताई है।
अंत में बजरंग दल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Author: Soron Live 24

