एनसीईआरटी किताबें लागू न करने पर अभिभावक की शिकायत
आईजीआरएस पोर्टल व डीएम कासगंज से की कार्रवाई की मांग, स्कूल पर आदेशों की अनदेखी का आरोप।

कासगंज। जिले में निजी विद्यालयों द्वारा एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकों को लागू न करने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में एक अभिभावक ने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही जिलाधिकारी कासगंज को भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता अभिभावक रणवीर सिंह, निवासी बांकनेर (कासगंज) ने बताया कि उनका बेटा कक्षा 3 में सैम्पफोर्ड फ्यूचर स्टिक स्कूल, नादरई में अध्ययनरत है। शासन एवं डीआईओएस के स्पष्ट निर्देश हैं कि विद्यालयों में केवल एनसीईआरटी की पुस्तकों से ही पढ़ाई कराई जाए, इसके बावजूद संबंधित विद्यालय में इस सत्र में इन आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा है।
अभिभावक के अनुसार, जब उन्होंने विद्यालय प्रशासन से इस संबंध में जानकारी ली तो प्रधानाचार्य ने बताया कि इस वर्ष एनसीईआरटी की किताबें लागू नहीं की जाएंगी, बल्कि अगले सत्र से लागू होंगी। यह स्थिति शासन एवं शिक्षा विभाग के निर्देशों के विपरीत बताई जा रही है।
रणवीर सिंह ने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्रकरण दर्ज कराने के साथ ही जिलाधिकारी कासगंज को भी लिखित शिकायत भेजकर मांग की है कि आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि कक्षाओं में केवल एनसीईआरटी की पुस्तकें ही पढ़ाई जाएं और निजी प्रकाशकों की किताबों पर रोक लगाई जाए।
अभिभावक ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि ऐसे विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जो शासन के निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं।
Author: Soron Live 24

