पूर्णिमा हनुमान जयंती पर सोरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हरि की पैड़ी पर श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी।

सुबह से ही घाटों पर भीड़, स्नान-दान कर श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ।
कासगंज। पूर्णिमा हनुमान जयंती के पावन अवसर पर तीर्थ नगरी सोरों के हरि की पैड़ी एवं लहरा गंगा घाट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह तड़के 5 बजे से ही सैकड़ों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंचने लगे और पूरे दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
श्रद्धालुओं ने हरि की पैड़ी और लहरा गंगा घाट पर पवित्र स्नान कर दान-पुण्य किया तथा लड्डू वाले बाला जी हनुमान मंदिर में दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और स्नान व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
गंगा मंदिर के विष्णु माफीदार ने बताया कि हनुमान जयंती और पूर्णिमा का यह शुभ संयोग अत्यंत पुण्यदायी होता है। इस दिन गंगा स्नान और हनुमान जी के दर्शन करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखें और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करें।
धार्मिक उत्साह और आस्था के इस संगम ने सोरों को एक बार फिर भक्ति के रंग में रंग दिया।
Author: Soron Live 24

