शिवम भारद्वाज ‘अश्क’ बने काव्यांगन के जिला अध्यक्ष, कासगंज को मिली नई पहचान

हिंदी प्रचार-प्रसार में योगदान को देखते हुए राष्ट्रीय संस्था ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
कासगंज/सोरों। हिंदी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय राष्ट्रीय संस्था काव्यांगन ने कासगंज जनपद के युवा साहित्यकार शिवम भारद्वाज ‘अश्क’ को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह मनोनयन संस्था की राष्ट्रीय बैठक में लिए गए निर्णय के तहत किया गया है, जो पत्र निर्गत होने की तिथि से आगामी दो वर्षों तक प्रभावी रहेगा।
जारी मनोनयन पत्र के अनुसार, शिवम भारद्वाज को यह जिम्मेदारी हिंदी भाषा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, साहित्यिक योगदान और संस्था के प्रति समर्पण को देखते हुए सौंपी गई है। संस्था को विश्वास है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए काव्यांगन की नीतियों और योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करेंगे।
काव्यांगन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमापति त्रिवेदी ने अपने हस्ताक्षरित पत्र में आशा जताई है कि शिवम भारद्वाज संस्था के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए हिंदी के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और जनपद में साहित्यिक गतिविधियों को नई दिशा देंगे।
संस्था ने स्पष्ट किया है कि यह दायित्व पूर्णतः मानद होगा और इसके लिए किसी प्रकार का वेतन या आर्थिक लाभ देय नहीं होगा। साथ ही, संस्था के हितों के विपरीत कार्य होने की स्थिति में यह जिम्मेदारी वापस लेने का अधिकार भी सुरक्षित रखा गया है।
शिवम भारद्वाज ‘अश्क’ के इस मनोनयन पर साहित्यिक एवं सामाजिक क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
Author: Soron Live 24

