नवमी पर आस्था का सैलाब: देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ लगे जय कारे 

नवमी पर आस्था का सैलाब: देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ लगे जय कारे


कासगंज। नवरात्रि के अंतिम दिन शुक्रवार को मां दुर्गा के नवम स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना पूरे जनपद में श्रद्धा और भक्ति के साथ की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने लंबी कतारों में खड़े होकर माता रानी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
जनपद के प्रमुख मंदिरों—ग्राम तरौरा स्थित मां चामुंडा मंदिर, सोरों के देवी मंदिर, बटुकनाथ मंदिर, नवदुर्गा मंदिर सहावर, पटियाली के पाटलावती देवी मंदिर—में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसरों में दिनभर मेले जैसा माहौल बना रहा। भक्तों ने जलाभिषेक, हवन-यज्ञ और आहुति देकर अपनी मनोकामनाएं मांगीं।
नवमी के अवसर पर घर-घर में कन्या पूजन का विशेष महत्व रहा। श्रद्धालुओं ने देवी स्वरूप कन्याओं और लांगुरों को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लिया तथा दान-दक्षिणा देकर व्रत पूर्ण किया। मंदिरों में घंटा-घड़ियाल की गूंज और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
भोग में चना-हलुआ-पूड़ी का विशेष प्रसाद
मां को प्रसन्न करने के लिए श्रद्धालुओं ने चना, हलुआ और पूड़ी का भोग लगाया। पूजा के उपरांत कन्या पूजन कर श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ अर्जित किया।
जगह-जगह हुए भंडारे
रामनवमी और नवमी के अवसर पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा मंदिरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। मुख्य द्वार से लेकर परिसर तक पुलिस बल तैनात रहा, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रही।
देर शाम तक चलता रहा दर्शन का सिलसिला
देर शाम तक श्रद्धालुओं का मंदिरों में आना-जाना जारी रहा। आरती, दुर्गा चालीसा पाठ और भजन-कीर्तन के साथ पूरे जनपद में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। भक्तों ने मां से जीवन की बाधाएं दूर करने और सुख-शांति की कामना की।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *