सोरों घाट पर गूंजा ‘गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026’, जन जागरूकता के साथ चला महाअभियान

रैली, श्रमदान, नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताओं से दिया स्वच्छता का संदेश
कासगंज, सोरों।जिला गंगा समिति, कासगंज के तत्वाधान में 24 मार्च 2026 को पावन सोरों घाट पर “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026” के अंतर्गत विविध जन जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा नदी के संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनमानस को जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर स्वच्छता रैली, व्यापक सफाई अभियान, श्रमदान, गंगा शपथ ग्रहण, चित्रकला प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
कार्यक्रम में द्रौपदी देवी जाजू बालिका इंटर कॉलेज, कासगंज और एस.जी.एम. जूनियर हाई स्कूल, सोरों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यालय स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर घाट परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का सशक्त संदेश दिया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स और छात्राओं ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और गंगा की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
इस दौरान वराह मंदिर के महंत विदेहानंद महाराज, पुजारी नरेश त्रिगुणाय, नमामि गंगे परियोजना से जुड़े अधिकारी, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के प्रतिनिधि तथा जिला गंगा समिति के सदस्य एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गंगा संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छता के इस अभियान में जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
Author: Soron Live 24

