डीएम का मंडी पर औचक निरीक्षण: किसानों की सुविधाओं पर जोर, स्वच्छता व प्रकाश व्यवस्था सुधारने के निर्देश

कासगंज, 24 मार्च 2026।जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने मंगलवार को कासगंज मंडी परिसर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडी कार्यालय और परिसर की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मंडी परिसर में पर्याप्त संख्या में पेड़ लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को बैठने में असुविधा न हो। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए शौचालयों की स्थिति सुधारने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा।
उन्होंने मंडी में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, जिससे रात्रि में आने-जाने वाले किसानों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी व्यवस्थाओं को शीघ्र पूर्ण कर मंडी परिसर को सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने पर बल दिया गया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी संजीव कुमार, मंडी सचिव शैलेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

