कासगंज में कानूनगो पर 1.60 लाख की रिश्वत लेने का आरोप,ऑडियो वायरल

कासगंज में कानूनगो पर 1.60 लाख की रिश्वत लेने का आरोप, ऑडियो वायरल।

 

तहसील दिवस में की पीड़िता की शिकायत, कार्रवाई की मांग

 

 

कासगंज (सोरों):जनपद कासगंज के सोरों थाना क्षेत्र में एक कानूनगो पर रिश्वत लेने का गंभीर आरोप सामने आया है। ग्राम बहादुर नगर निवासी राम प्यारी पत्नी तालेवर ने कानूनगो अनवर अली पर 1 लाख 60 हजार रुपये रिश्वत लेने के बावजूद जमीन की पक्की नाप न कराने और गुमराह करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने सोमवार को कासगंज सदर तहसील में आयोजित तहसील दिवस में समक्ष अपने पति और पुत्र के साथ उपस्थित होकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की। साथ ही कथित रिश्वत लेन-देन से संबंधित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के रूप में सौंपी और कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता के अनुसार, उसकी जमीन सोरों क्षेत्र के बहादुर नगर में स्थित है, जिसका आराजी गाटा संख्या 374/0.178 हेक्टेयर है। आरोप है कि कानूनगो अनवर अली जमीन की नाप के दौरान उसकी आराजी में से करीब 160 फुट का फ्रंट दूसरे समुदाय के एक युवक के पक्ष में नापने लगे।
जब पीड़िता और उसके पति ने इसका विरोध किया, तो कानूनगो ने कथित तौर पर 1 लाख 90 हजार रुपये की मांग की और कहा कि पैसा देने पर ही जमीन का फ्रंट कम नहीं किया जाएगा।
पीड़िता के पुत्र ओम सिंह का आरोप है कि उन्होंने कानूनगो को 1 लाख 60 हजार रुपये नकद दिए और शेष 30 हजार रुपये बाद में देने की बात कही। बदले में कानूनगो ने पक्की नाप कराने का आश्वासन दिया।
हालांकि, आरोप है कि रिश्वत लेने के बाद भी न तो जमीन की सही नाप कराई गई और न ही समस्या का समाधान किया गया। पीड़िता का कहना है कि वह कई बार उच्च अधिकारियों को शिकायत दे चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस मामले में करीब 10 मिनट का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर कानूनगो और पीड़िता के पुत्र के बीच रुपये के लेन-देन की बातचीत सुनी जा सकती है।
फिलहाल, पीड़िता ने निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *