त्योहारों से पहले कासगंज में पुलिस की सख्ती, एसपी ने किया पैदल गश्त

कासगंज, चैत्र नवरात्रि और ईद-उल-फितर जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर आँचल चौहान के साथ एसपी ने कस्बा कासगंज के संवेदनशील इलाकों, मुख्य मार्गों, चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान चामुंडा देवी मंदिर परिसर सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन और व्यापारियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और त्योहारों को आपसी सौहार्द व शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिरों, दुर्गा प्रतिमा पंडालों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग सुनिश्चित की जाए।
त्योहारों के मद्देनजर पुलिस की सक्रियता से शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नजर आ रही है।
Author: Soron Live 24

