यूजीसी के नए नियमों के विरोध में सोरों में प्रदर्शन, ‘इक्विटी कमेटी’ को बताया भेदभावपूर्ण
कासगंज जनपद की तीर्थ नगरी सोरों में उच्च शिक्षा संस्थानों से जुड़े यूजीसी (यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन) के नए नियमों के विरोध में गंगा भक्त समिति के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन अनाज मंडी चौराहा पर गंगा भक्त समिति के अध्यक्ष सतीश भारद्वाज के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में काले झंडे लेकर “यूजीसी हटाओ, संवर्ण बचाओ” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यूजीसी के नए नियम शिक्षा के क्षेत्र में एक नए प्रकार के भेदभाव को जन्म दे रहे हैं, जो सामाजिक समरसता और निष्पक्षता के खिलाफ हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यूजीसी के नए नियमों के तहत कॉलेजों में गठित की जाने वाली ‘इक्विटी कमेटी’ में सामान्य वर्ग के लिए किसी भी प्रकार की अनिवार्य भागीदारी का प्रावधान नहीं किया गया है। इससे यह धारणा बनती है कि सामान्य वर्ग के छात्र या शिक्षक कभी उत्पीड़न या अन्याय का शिकार नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि न्याय का तराजू सभी वर्गों के लिए समान होना चाहिए। यदि जांच और निर्णय लेने वाली समितियों में केवल विशेष वर्गों का ही प्रतिनिधित्व होगा, तो निष्पक्ष जांच की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
इस मौके पर गंगा भक्त समिति के अध्यक्ष सतीश भारद्वाज ने कहा,
“यूजीसी के नाम पर शिक्षा व्यवस्था और समाज को बांटने की साजिश की जा रही है। इक्विटी कमेटी में सामान्य वर्ग की अनदेखी करना सीधे तौर पर उनके अधिकारों का हनन है। यह नियम न केवल भेदभावपूर्ण है, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों में गुटबाजी और असंतोष को भी बढ़ावा देगा। जब तक इन नियमों को वापस नहीं लिया जाता या उनमें सभी वर्गों को समान प्रतिनिधित्व नहीं दिया जाता, तब तक हमारा विरोध शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।”
उन्होंने सरकार और यूजीसी से मांग की कि शिक्षा से जुड़े ऐसे किसी भी नियम को लागू करने से पहले सभी वर्गों, शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों से व्यापक विचार-विमर्श किया जाए, ताकि समानता और न्याय की भावना बनी रहे।
प्रदर्शन में अतुल कुमार, अनुज दुबे, गोविन्द उपाध्याय, अजय महाकाल, सोमांशु निर्भय, विनय कोठेवार, संजय उपाध्याय, भोला शंकर, भारत त्रिगुणायत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।
#AntiDiscrimination #UGC_Rules #SaveEducation #CommonManRights
Author: Soron Live 24

