राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 की शुरुआत, डीएम ने पब्लिसिटी वैन को दिखाई हरी झंडी

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 की शुरुआत, डीएम ने पब्लिसिटी वैन को दिखाई हरी झंडी

यातायात नियमों के पालन की अपील, जनपद भर में होगा जागरूकता अभियान


कासगंज। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को यातायात नियमों के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार की गई पब्लिसिटी वैन को जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, चौराहों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देगी। साथ ही राहवीर योजना, रिफ्लेक्टर की अनिवार्यता एवं अन्य यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट का वितरण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय हेल्मेट एवं सीटबेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज गति से वाहन न दौड़ाएं तथा मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाएं। उन्होंने कोहरे के मौसम में विशेष सावधानी बरतने और बिना रिफ्लेक्टर टेप वाले वाहनों को सड़क पर न उतारने की भी अपील की।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर में बस, ट्रक, ई-रिक्शा एवं टैक्सी चालकों तथा उनके यूनियन पदाधिकारियों के साथ जीरो फैटैलिटी लक्ष्य को लेकर संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में वर्तमान में हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आर.पी. मिश्र ने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं वाहन चालकों की लापरवाही के कारण होती हैं। उन्होंने हेल्मेट और सीटबेल्ट का प्रयोग न करना, नशे की हालत में वाहन चलाना, तेज रफ्तार, लेन ड्राइविंग की जानकारी का अभाव, ओवरटेक में जल्दबाजी, गलत स्थानों पर वाहन खड़ा करना एवं रिफ्लेक्टर का प्रयोग न करना जैसे कारणों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर यातायात विभाग से लक्ष्मण सिंह सहित शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, रोडवेज के अधिकारी एवं प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में वाहन चालक, यूनियन पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

 

 

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *