विश्व दिव्यांग दिवस पर प्रधानमंत्री को संबोधित मांगपत्र सौंपा, दिव्यांग हितों के लिए उठी बुलंद आवाज़

कासगंज।श्री वराह जन सेवा दिव्यांग समिति के तत्वावधान में विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगजन हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री भारत सरकार को संबोधित मांगपत्र रूपी ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन समिति अध्यक्ष कुलदीप निर्भय के नेतृत्व में डिप्टी कलेक्टर/कलेक्टर श्री सुशांत सांवरे को दिया गया।
समिति द्वारा बताया गया कि वह बीते कई वर्षों से विश्व दिव्यांग दिवस पर दिव्यांग जनकल्याण से जुड़े विषयों पर गोष्ठी और संवाद कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। कई बार मांगपत्र भेजे जाने और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आख्या प्रस्तुत किए जाने के बावजूद यह मांगें प्रधानमंत्री कार्यालय में अब तक निस्तारण की प्रतीक्षा में लंबित हैं।
ज्ञापन में मुख्य रूप से सभी चुनावों में आरक्षण लागू करने, दिव्यांगजन की यूनिक आईडी को पूरे भारत में यात्रा हेतु मान्य करने, तथा दिव्यांग आयोग का गठन किए जाने जैसी प्रमुख मांगें शामिल रही।
ज्ञापन सौंपने वालों में ज्ञान देवी, सरस्वती, राजपाल, राम बहादुर सहित समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

