विश्व दिव्यांग दिवस पर सोरों मेला क्षेत्र में जागरूकता शिविर आयोजित
श्री वराह जन सेवा दिव्यांग समिति ने दिव्यांग जनों के अधिकारों पर उठाई महत्वपूर्ण मांगें

कासगंज/सोरों मेला।तीर्थनगरी सोरों शूकर क्षेत्र में आयोजित मार्गशीर्ष मेले के दौरान श्री वराह जन सेवा दिव्यांग समिति सोरों के तत्वावधान में विश्व दिव्यांग दिवस पर एक जागरूकता शिविर एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे और विभिन्न कल्याणकारी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान समिति ने बताया कि पिछले वर्ष उठाई गई कई आवश्यक मांगें अभी तक लंबित हैं, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार को उचित आख्या प्रस्तुत किए जाने के बावजूद निस्तारण नहीं हुआ है। समिति ने माननीय प्रधानमंत्री जी से इन मांगों को शीघ्र निस्तारित करने का अनुरोध किया।
समिति अध्यक्ष कुलदीप निर्भय ने कहा—
“दिव्यांग जनों के हित में हमारी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबित हैं। यूनिक आईडी को पूरे देश में यात्रा के लिए मान्य करना, सभी चुनावों में आरक्षण लागू करना, दिव्यांग आयोग का गठन, एवं अन्य आवश्यक मांगों का निस्तारण अत्यंत जरूरी है। हम इन सभी मांगों का एक विस्तृत मांग पत्र जिला अधिकारी, कासगंज के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री जी को भेजेंगे ताकि दिव्यांग जनों को शीघ्र राहत मिल सके।”
कार्यक्रम में दिव्यांग जनों की समस्याओं पर खुलकर चर्चा हुई और हर स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग सचिव विनोद कुमार, धर्मपाल, विष्णु, राजीव साहू, जीशान, शकुंतला, अवनीशा, राजरानी, विनीता, बृजपाल, आरती, राजपाल, पवन पचौरी, सत्यपाल सहित कई दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

