भव्य शोभायात्रा में नागा साधुओं के अद्भुत करतब, हरि की पौड़ी पर किया सामूहिक स्नान मार्गशीर्ष अमृत कुंभ में देशभर के अखाड़ों की गरिमा मयी भागीदारी, साधुओं का दिव्य आह्वान

भव्य शोभायात्रा में नागा साधुओं के अद्भुत करतब, हरि की पौड़ी पर किया सामूहिक स्नान
मार्गशीर्ष अमृत कुंभ में देशभर के अखाड़ों की गरिमा मयी भागीदारी, साधुओं का दिव्य आह्वान

कासगंज/सोरों । मार्गशीर्ष अमृत कुंभ के अवसर पर तीर्थनगरी सोरों आज नागा साधुओं की दिव्य आभा से आलोकित हो उठी। देशभर से आए विभिन्न अखाड़ों के नागा साधु संतों ने भव्य शोभायात्रा निकालकर हरि की पौड़ी पर सामूहिक स्नान किया। इसके उपरांत दिवंगत नागा साधु काशी गिरि की समाधि पर चिलम चढ़ाने की परंपरा निभाई गई।

सुबह 11 बजे हरि की पौड़ी स्थित नागालैंड घाट से शंभू पंच दशनाम आवाहन सरकार गणपति अखाड़ा के नेतृत्व में शोभायात्रा प्रारंभ हुई। आकर्षक डोलों में विराजमान महंतों और प्रमुख नागा साधुओं के साथ यह शोभायात्रा जब आगे बढ़ी तो पूरा शहर भक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया।

नागा साधु हाथों में दुंदुभी, त्रिशूल, फरसा आदि लिए हुए रोमांचक करतब दिखाते आगे बढ़ रहे थे। कुछ साधु भभूत से लिपटे हुए तो कुछ रंगबिरंगे परिधानों में आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। शोभायात्रा योगमार्ग, चक्रतीर्थ, बारू बाजार, चौदहपोर, बड़ा बाजार, लहरा रोड, रामसिंहपुरा, कटरा बाजार, चंदन चौक व मेला क्षेत्र से होते हुए पुनः हरि की पौड़ी पहुंची।

शोभायात्रा में जूना अखाड़ा, अटल अखाड़ा, निर्वाणी अखाड़ा, आनंद अखाड़ा, उदासीन अखाड़ा, अग्नि अखाड़ा, श्री पंचायती बड़ा उदासीन अखाड़ा, वैष्णव चतुर्संप्रदाय, खड्ग दर्शन संप्रदाय सहित कई अखाड़ों के नागा साधु शामिल रहे।

बैंड की धुनों पर “बांके बिहारी कजरारे तेरे…”, “सजा दो घर और आंगन को…”, “ॐ जय गंगे, ॐ जय वाराह…” जैसे भजनों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा। रास्ते भर श्रद्धालु पुष्प वर्षा करते रहे, वहीं समाजसेवियों द्वारा साधुओं को गर्म दूध, हलवा आदि वितरित किया गया।

शोभायात्रा में बाल नागा साधुओं के करतब भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। सामूहिक स्नान के बाद साधुओं ने महंत काशी गिरि की समाधि पर चिलम चढ़ाकर परंपरा का निर्वाह किया।

कार्यक्रम में महंत किशन गिरी, सोरोंमुनि, लच्छू बाबा, आकाश गिरी, अशोक गिरी, पर्वत गिरी, मलखान गिरी, प्रेमशंकर, महादेव गिरी, सूर्य गिरी, सीताराम दुबे, श्रीकांत तिवारी, सुनील तिवारी, अभिषेक दुबे, गंगे मिश्रा सहित भारी संख्या में साधु-संत व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

फोटो:
• सोरों जी में शोभायात्रा निकालते नागा साधु
• शोभायात्रा में करतब दिखाते नागा साधु

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *